रायपुर। राजधानी रायपुर के लाभांडी इलाके में एक अधेड़ व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना के बाद तेलीबांधा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान हिमेश यादव (40) के रूप में हुई है। उसके सिर पर चोट के निशान और खून मिलने के बाद घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस के साथ FSL और डॉग स्क्वाड की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने मौके का बारीकी से निरीक्षण करते हुए जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
हत्या या हादसा? जांच में जुटी पुलिस
स्थानीय लोगों ने युवक के सिर से खून निकलता देखा, जिसके बाद हत्या की आशंका जताई गई। हालांकि, पुलिस ने अभी मौत के कारण को लेकर किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ के साथ पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हिमेश यादव की मौत किन परिस्थितियों में हुई। आसपास के इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा सकती है।
DCP ने कहा- हर एंगल से हो रही जांच
रायपुर DCP सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटले ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि लाभांडी में एक व्यक्ति का शव मिला है। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। FSL और डॉग स्क्वाड की टीम को भी बुलाया गया है। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है फिलहाल पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हिमेश यादव की मौत दुर्घटना में हुई है या इसके पीछे कोई आपराधिक कारण है।




