रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। राजधानी रायपुर और दुर्ग में मंगलवार सुबह ED की टीम ने छापेमारी की। जानकारी के मुताबिक, अधिकारियों की टीम सुबह करीब 4 बजे रायपुर के पंडरी और रविनगर इलाके में पहुंची। इस दौरान डागा निवास पर भी तलाशी लिए जाने की जानकारी सामने आई है।
दो गाड़ियों में पहुंची टीम, 6 से अधिक अधिकारी शामिल
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ED की कार्रवाई में 6 से अधिक अधिकारी शामिल हैं, जो दो गाड़ियों में मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि जांच जमीन के लेन-देन और ज्वेलरी कारोबार से जुड़े पहलुओं पर केंद्रित है। अधिकारियों की टीम संबंधित दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की पड़ताल कर रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक, डागा परिवार का संबंध ज्वेलरी कारोबार से बताया जा रहा है। हालांकि, जांच के दायरे में कौन-कौन से दस्तावेज और लेन-देन शामिल हैं, इसे लेकर अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
किस मामले में हुई छापेमारी? आधिकारिक जानकारी का इंतजार
रायपुर और दुर्ग में की गई इस कार्रवाई के पीछे का मामला अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। ED की ओर से कार्रवाई के संबंध में विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है। तलाशी के दौरान क्या दस्तावेज या अन्य सामग्री मिली है, इसकी भी फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है।
जांच किस मामले से जुड़ी है और कार्रवाई में आगे क्या सामने आता है, इस पर सबकी नजर बनी हुई है। आधिकारिक जानकारी मिलने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




