कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा में चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना के दौरान चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए स्कूटी से कूदकर अपनी जान बचाई। कुछ ही देर में आग ने वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और स्कूटी धू-धूकर जलने लगी। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
राधा-कृष्ण मंदिर के पास हुई घटना
जानकारी के मुताबिक, यह घटना कवर्धा के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में राधा-कृष्ण मंदिर के पास हुई। स्कूटी सड़क पर चल रही थी, तभी अचानक उसमें आग लग गई। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत वाहन से छलांग लगा दी, जिससे वह सुरक्षित बच गया।
स्कूटी से उठने लगा काले धुएं का गुबार
आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते स्कूटी आग की लपटों से घिर गई। वाहन से काले धुएं का गुबार उठने लगा। सड़क पर स्कूटी को जलता देख आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामले की चर्चा हो रही है।
आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं
फिलहाल इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लगने की वजह सामने नहीं आई है। घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।




