रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा की प्रदेश प्रभारी नियुक्त होने के बाद स्मृति ईरानी रविवार को पहली बार रायपुर पहुंचीं। एयरपोर्ट पर भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक राजेश मूणत और रायपुर की महापौर मीनल चौबे सहित पार्टी नेताओं ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से स्मृति ईरानी सीधे भाजपा के प्रदेश कार्यालय पहुंचीं, जहां मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी उनसे मुलाकात करने पहुंचे।

स्मृति ईरानी का यह दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरा संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके आगमन को लेकर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। इस दौरान पार्टी कार्यालय में स्वागत और मुलाकातों के साथ संगठन की आगामी गतिविधियों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
स्वागत में पोस्टर-बैनर गायब, सड़कों पर दिखे भाजपा के झंडे
स्मृति ईरानी के स्वागत को लेकर राजधानी रायपुर में इस बार अलग तस्वीर देखने को मिली। जानकारी के मुताबिक, स्वागत के लिए होर्डिंग और बैनर लगाने से मना किया गया था। इसके चलते शहर में जगह-जगह भाजपा के झंडे नजर आए, लेकिन आमतौर पर बड़े नेताओं के दौरे पर दिखाई देने वाले पोस्टर और बैनर नहीं लगाए गए।
इस बदलाव की राजनीतिक और संगठनात्मक हलकों में चर्चा रही। वहीं, भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की ओर से स्मृति ईरानी के स्वागत में प्रस्तावित बाइक रैली को भी देर रात रद्द कर दिया गया।
बृजमोहन अग्रवाल बोले- स्मृति ईरानी के नेतृत्व में मजबूत होगी पार्टी
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने स्मृति ईरानी का स्वागत करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी और मजबूत होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके मार्गदर्शन में संगठन बेहतर तरीके से काम करेगा और सरकार के कामकाज को भी मजबूती मिलेगी।
स्वागत में पोस्टर-बैनर नहीं लगाए जाने के सवाल पर अग्रवाल ने कहा कि वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं के स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं को अनावश्यक प्रतिस्पर्धा में नहीं उलझना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ने वाले नेताओं के पोस्टर लगाने से कोई विशेष लाभ नहीं होता। कार्यकर्ताओं को संगठन को आगे बढ़ाने और पार्टी को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए।
लक्ष्मी वर्मा बोलीं- आज होंगी कई बैठकें
राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने भी स्मृति ईरानी के रायपुर आगमन पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि उनके दौरे के दौरान कई बैठकें होंगी। वर्मा के मुताबिक, इस दौरे से छत्तीसगढ़ में भाजपा कार्यकर्ताओं को और मजबूती के साथ काम करने की दिशा मिलेगी।
दो दिवसीय दौरे पर संगठन की गतिविधियों पर रहेगा फोकस
प्रदेश प्रभारी बनने के बाद स्मृति ईरानी का यह पहला छत्तीसगढ़ दौरा है। ऐसे में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की निगाहें उनके कार्यक्रमों और बैठकों पर टिकी हैं। दौरे के दौरान प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और संगठन के विभिन्न स्तरों के प्रतिनिधियों के साथ मुलाकातें महत्वपूर्ण रहेंगी।
स्मृति ईरानी के आगमन के साथ ही प्रदेश भाजपा में संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर हलचल तेज हो गई है। अब उनके दो दिवसीय प्रवास के दौरान होने वाली बैठकों और चर्चाओं पर राजनीतिक नजरें रहेंगी।




