जगदलपुर। आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू (ASR) जिले में सड़क निर्माण कार्य के दौरान हुए भीषण विस्फोट में पांच लोगों की मौत हो गई। शनिवार सुबह अनंतगिरि मंडल के पिनाकोटा में हुए इस हादसे में एक चालक और चार मजदूरों की जान चली गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिलेटिन की छड़ों से जुड़े विस्फोटक उपकरण में अचानक धमाका होने से यह दर्दनाक हादसा हुआ।
धमाके से मची अफरा-तफरी, दो वाहन क्षतिग्रस्त
सड़क निर्माण का काम चल रहा था, तभी अचानक विस्फोट हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और इसकी चपेट में आकर पांच लोगों की मौत हो गई। विस्फोट के कारण दो वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए।
पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। विस्फोटक उपकरण में धमाका किन परिस्थितियों में हुआ और हादसे के पीछे क्या वजह रही, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।




