जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ में शराब पीने के बाद चार लोगों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। इनमें से दो लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य का उपचार जारी है। मृतकों में नगर पंचायत के पार्षद रामखिलावन जांगड़े और जोहित खरे शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। शराब में किसी जहरीले पदार्थ की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुराना अस्पताल परिसर में चार दोस्तों ने पी थी शराब
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 10 बजे पामगढ़ के पुराने अस्पताल परिसर में चार दोस्तों ने साथ बैठकर शराब पी थी। कुछ देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर रामखिलावन जांगड़े और जोहित खरे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया।
सिम्स और अपोलो अस्पताल में हुई मौत
परिजनों और उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, रामखिलावन जांगड़े ने बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, जोहित खरे की मौत अपोलो अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई। शराब पीने के बाद तबीयत बिगड़ने वाले अन्य दो युवकों को पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
शराब में जहरीला पदार्थ होने की आशंका
एक साथ शराब पीने के बाद चार लोगों की तबीयत बिगड़ने और दो की मौत होने से शराब में जहरीला पदार्थ मिले होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। इसकी पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि चारों की तबीयत बिगड़ने की वजह क्या थी और दोनों मौतों के पीछे शराब या कोई अन्य कारण जिम्मेदार था। फिलहाल, जांच रिपोर्ट और पोस्टमार्टम के निष्कर्षों का इंतजार है।




