रायपुर। राजधानी रायपुर के अमलीडीह इलाके में धर्म परिवर्तन के लिए कथित दबाव बनाने और विरोध करने पर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने दो महिलाओं विशाखा मसीह और दुलारी साहू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। शिकायत में परिवार के सदस्यों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए दबाव डालने और इनकार करने पर मारपीट करने सहित कई आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम, 2026 की धारा 16(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धर्म परिवर्तन से इनकार पर मारपीट का आरोप
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, पीड़ित परिवार पर कथित तौर पर ईसाई धर्म अपनाने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि उसकी छोटी बेटी का पहले ही धर्म परिवर्तन कराया जा चुका है। परिवार के अन्य सदस्यों को भी धर्म परिवर्तन के लिए कहा जा रहा था।
यह भी पढ़े :- दूसरे युवक से बात करने के शक में नाबालिग की हत्या, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
आरोप है कि जब परिवार ने इसका विरोध किया, तो उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट की गई। शिकायत में यह भी कहा गया है कि विवाद के दौरान मोबाइल फोन तोड़ दिया गया। इसके अलावा घर में ताला लगाने और इलाज के लिए बाहर नहीं जाने देने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं।
16 वर्षीय बेटे को प्रलोभन देने की शिकायत
पीड़ित परिवार ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि उसके 16 वर्षीय बेटे को धर्म परिवर्तन के लिए प्रलोभन दिया जा रहा था। परिवार ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की, जिसके बाद पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।
पुलिस कर रही मामले की जांच
न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़े तथ्यों और आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




