बिलासपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत दो दिवसीय प्रवास पर बिलासपुर पहुंचे हैं। वे यहां प्रांतीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करेंगे। उनके दौरे को देखते हुए रेलवे स्टेशन से लेकर बिरकोना स्थित सरस्वती शिशु मंदिर आवासीय विद्यालय तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
इंटरसिटी एक्सप्रेस से पहुंचे बिलासपुर
मोहन भागवत इंटरसिटी एक्सप्रेस से बिलासपुर पहुंचे। उनके आगमन को लेकर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई थी। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में स्टेशन से उनका काफिला कड़ी सुरक्षा के बीच बिरकोना स्थित सरस्वती शिशु मंदिर आवासीय विद्यालय के लिए रवाना हुआ।
प्रांतीय पदाधिकारियों से करेंगे चर्चा
प्रवास के पहले दिन मोहन भागवत की मुलाकात संघ के प्रांतीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से प्रस्तावित है। इस दौरान संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी। वहीं, दूसरे दिन प्रांत स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें संघ के प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगे।
कल रात अमरकंटक एक्सप्रेस से होंगे रवाना
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, बैठक पूरी होने के बाद मोहन भागवत कल रात अमरकंटक एक्सप्रेस से जबलपुर के लिए रवाना होंगे। उनके प्रवास को लेकर बिरकोना स्थित आवासीय विद्यालय और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है। पुलिस और प्रशासन की टीमें पूरे कार्यक्रम के दौरान सतर्क रहेंगी।




