बिलासपुर। पति की मौत के बाद महिला को शादी करने और उसके तीन बच्चों को अपनाने का भरोसा देकर लाखों रुपये ठगने का मामला सामने आया है। सरकंडा थाना क्षेत्र में दर्ज शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी को दुर्ग जिले के धमधा से गिरफ्तार किया है। महिला का आरोप है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और अलग-अलग बहाने से करीब 20 से 22 लाख रुपये ले लिए। बाद में मोबाइल बंद कर संपर्क तोड़ दिया।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता के पति की सितंबर 2025 में मौत हो गई थी। इसके बाद उसके पूर्व परिचित मनोज कुमार यादव ने दोबारा उससे संपर्क किया। आरोप है कि मनोज ने महिला से शादी करने और उसके तीनों बच्चों को अपनाने का भरोसा दिलाया। इसी भरोसे के आधार पर उसने महिला से नजदीकियां बढ़ाईं और शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाए।
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने पामगढ़ में मकान खरीदने और अन्य जरूरी कामों का हवाला देकर महिला से पैसे मांगे। भरोसे में आकर महिला ने अपने बैंक और बीमा खातों से रकम निकालकर आरोपी को दी। कुछ पैसे नकद दिए गए, जबकि कई बार PhonePe के जरिए भी लेनदेन हुआ।
महिला का आरोप है कि आरोपी ने अलग-अलग किस्तों में करीब 20 से 22 लाख रुपये ले लिए। रकम हासिल करने के बाद उसने महिला से संपर्क करना बंद कर दिया और अपना मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर लिया। बाद में शादी करने से भी इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने सरकंडा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान उसकी लोकेशन दुर्ग जिले के धमधा में मिली। इसके बाद सरकंडा पुलिस की टीम ने वहां पहुंचकर घेराबंदी की और मनोज कुमार यादव (30) को हिरासत में ले लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने महिला से रकम लेने की बात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि महिला से मिली रकम का इस्तेमाल अपने और परिवार के खर्च, सोने के जेवर छुड़ाने तथा निजी जरूरतों में किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लेनदेन में इस्तेमाल बैंक एटीएम कार्ड, ऋण से संबंधित दस्तावेज और वीवो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया है। इन सामानों को मामले की जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है।
सरकंडा थाने में आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 69 और 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी मनोज कुमार यादव, पिता पुनीराम यादव, निवासी धनगांव, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।




