धमतरी। शहर में उठाईगिरी का एक मामला सामने आया है, जहां एक किसान नेता को शातिर चोर ने अपना निशाना बना लिया। बैंक से रकम निकालने के बाद गोल बाजार में सब्जी खरीदने पहुंचे किसान नेता की बाइक की डिक्की से चोर रुपयों और जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग लेकर फरार हो गया। बैग में 44 हजार रुपये नकद होने की जानकारी सामने आई है।
घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के गोल बाजार की है। बताया जा रहा है कि किसान नेता लीलाराम साहू बैंक से पैसे निकालने के बाद अपनी बाइक से गोल बाजार पहुंचे थे। उन्होंने बाइक खड़ी की और सब्जी खरीदने चले गए। इसी दौरान आरोपी ने मौका देखकर बाइक की डिक्की खोली और उसमें रखा बैग निकालकर फरार हो गया।
कुछ देर बाद लीलाराम साहू को बैग गायब होने की जानकारी हुई। उन्होंने आसपास तलाश करने के बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू किया।
CCTV में कैद हुई पूरी करतूत
पुलिस को एक दुकान में लगे CCTV कैमरे की फुटेज मिली है, जिसमें टोपी पहना एक संदिग्ध व्यक्ति बाइक के आसपास घूमता दिखाई दे रहा है। आरोपी पहले आसपास की गतिविधियों पर नजर रखता है और मौका मिलते ही बाइक की डिक्की खोलकर बैग निकाल लेता है। इसके बाद वह वहां से फरार हो जाता है।
बैग में 44 हजार रुपये नकद के अलावा महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे थे। पुलिस ने CCTV फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान और तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुटी है।




