रायपुर । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पारिवारिक विवाद के दौरान छह माह की मासूम बच्ची के साथ क्रूरता का मामला सामने आया है। आरोप है कि पत्नी से विवाद के बाद पिता ने अपनी ही बेटी हिमानी को दो बार जमीन पर पटक दिया। घटना में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई और बेहोश हो गई। परिजन उसे तत्काल एम्स रायपुर लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है। बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है। मामले में सरस्वती नगर पुलिस ने आरोपी पिता आशीष कावरिया (21) को गिरफ्तार कर लिया है।
मायके जाने की बात पर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, घटना कोटा स्थित बीएसयूपी कॉलोनी के ब्लॉक-35 की है। बच्ची की मां सरगम कावरिया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने करीब नौ महीने पहले आशीष कावरिया से कोर्ट मैरिज की थी। 14 अक्टूबर की शाम वह समता कॉलोनी स्थित अपने मायके से घर लौटी थी।
आरोप है कि रात करीब नौ बजे पति के घर पहुंचने के बाद मायके जाने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। इस दौरान आरोपी ने पत्नी के साथ गाली-गलौज की। शिकायत के मुताबिक, रात करीब डेढ़ बजे विवाद बढ़ने पर उसने पत्नी के साथ मारपीट भी की।
मां के विरोध के बावजूद बच्ची को दोबारा पटका
शिकायत के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपी ने छह माह की बेटी हिमानी को उठाकर जमीन पर पटक दिया। मां ने जब इसका विरोध किया, तो आरोपी ने बच्ची को दोबारा जमीन पर पटक दिया। इसके बाद मासूम बेहोश हो गई।
बच्ची की हालत देखकर मां ने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिवार के लोग उसे उपचार के लिए एम्स रायपुर लेकर पहुंचे, जहां उसे भर्ती कराया गया। बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसका इलाज किया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार किया
मामले की शिकायत मिलने के बाद सरस्वती नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने आशीष कावरिया को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।




