कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में इलाज के बहाने 14 वर्षीय नाबालिग का यौन शोषण करने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि ताड़ोकी थाना क्षेत्र के आमागांव निवासी 44 वर्षीय रमेश कुमार पिस्दा ने बीमारी ठीक करने का झांसा देकर किशोरी को अपने पास बुलाया और नशीली दवा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। किशोरी के करीब पांच महीने की गर्भवती होने की जानकारी सामने आने के बाद मामला उजागर हुआ। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।
बीमारी का डर दिखाकर दिया ताबीज
पुलिस के अनुसार, 15 अप्रैल को किशोरी की तबीयत खराब होने पर परिजन उसे इलाज के लिए आमागांव निवासी रमेश कुमार पिस्दा के पास ले गए थे। आरोप है कि आरोपी ने जांच का बहाना बनाकर परिजनों को बताया कि बच्ची की बच्चेदानी में गंभीर परेशानी है। उसने समय पर इलाज नहीं कराने पर भविष्य में समस्या होने की बात कही और किशोरी को पहनने के लिए ताबीज दिया।
बताया गया कि 25 मई 2026 को किशोरी के पिता ने काम के सिलसिले में उसे अपने भाई के साथ आरोपी के पास भेजा था। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने किशोरी के चाचा को बाहर बैठा दिया और उसे पूजा घर में ले गया।
नशीली दवा देकर शोषण करने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, आरोपी इलाज के नाम पर किशोरी को बार-बार अपने पास बुलाता था और परिजनों को उससे दूर रखता था। आरोप है कि इसी दौरान वह किशोरी को नशीली दवा देकर बेहोश करता और उसका यौन शोषण करता था।
17 अक्टूबर 2026 को किशोरी की तबीयत दोबारा बिगड़ने पर परिजन उसे अंतागढ़ अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकीय जांच के दौरान उसके करीब पांच महीने की गर्भवती होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद परिजनों ने किशोरी से पूछताछ की, तो उसने कथित तौर पर आरोपी के बारे में बताया।
पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
बेटी के साथ हुई घटना की जानकारी मिलने पर पिता ने ताड़ोकी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी रमेश कुमार पिस्दा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 व 6 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।




