धमतरी। गरियाबंद जिले के पायलीखंड खदान क्षेत्र से बहुमूल्य पत्थर चोरी कर उन्हें बेचने के लिए ग्राहक तलाशने के आरोप में धमतरी पुलिस ने 64 वर्षीय विनोद अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 146 नग सफेद, चमकदार और पारदर्शी पत्थर बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, इनका शुद्ध वजन 13.49 ग्राम है और अनुमानित कीमत करीब 10 लाख 5 हजार रुपये है।
पुलिस के मुताबिक, बिरेझर पुलिस और साइबर टीम अपराध पतासाजी के दौरान नेशनल हाईवे-30 स्थित कोड़ापार नहर पुलिया के पास पहुंची। यहां मुखबिर की सूचना पर एक संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसकी पहचान केके वार्ड, भाटापारा निवासी विनोद अग्रवाल के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास पॉलीथीन में रखे 146 पत्थर मिले। ये नीले और फिरोजी रंग की झिल्ली में लिपटे हुए थे। पत्थरों का कुल वजन 16.17 ग्राम और शुद्ध वजन 13.49 ग्राम दर्ज किया गया। पुलिस ने इन्हें हीरा बताया है। आरोपी के पास से Samsung Galaxy S21 FE 5G मोबाइल, दो सिम कार्ड और 2,200 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने मेमोरेंडम कथन में बताया कि उसने वर्ष 2018 में गरियाबंद के पायलीखंड खदान क्षेत्र से इन पत्थरों को चोरी किया था और अब बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा था। मामले में खान एवं खनिज अधिनियम की धारा 21(4) और BNS की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी को 19 अक्टूबर को गिरफ्तार कर कुरूद न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की प्रक्रिया की गई।
पुलिस अब बरामद पत्थरों की वास्तविक प्रकृति, उनकी उत्पत्ति और चोरी से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। अवैध खनन, चोरी या संदिग्ध खनिज खरीद-बिक्री की जानकारी पुलिस को देने की अपील की गई है।




