बलरामपुर। नवरात्रि मेले में परिवार के साथ गुब्बारे बेचने आए 12 वर्षीय बालक की कनहर नदी में डूबने से मौत हो गई। बालक दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था, जहां गहरे पानी में जाने के बाद वह डूब गया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
जानकारी के मुताबिक, झारखंड के बंधुवा गांव से बालक अपने परिजनों के साथ रामानुजगंज के नवरात्रि मेले में आया था। मेले में गुब्बारे बेचने के दौरान वह अपने कुछ दोस्तों के साथ कनहर नदी पहुंचा और नहाने लगा। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
घटना की सूचना मिलने पर रामानुजगंज पुलिस मौके पर पहुंची और नदी में तलाश अभियान शुरू कराया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद बालक का शव नदी से बरामद किया गया। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से मेले में भी शोक का माहौल बन गया।




