रायपुर। साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत रायपुर रेंज साइबर पुलिस ने उत्तरप्रदेश से दो अंतरराज्यीय साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी पर वरिष्ठ IAS अधिकारी सुबोध कुमार सिंह के नाम से फर्जी Facebook ID बनाने का आरोप है, जबकि दूसरा शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर 88 लाख रुपए की ठगी के मामले में पकड़ा गया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के इस्तेमाल किए गए बैंक खातों के खिलाफ देश के अलग-अलग 11 थाना और साइबर सेल में शिकायतें दर्ज हैं।
IAS अधिकारी के नाम से बनाई फर्जी Facebook ID
पुलिस के मुताबिक, सुशांत पनका की शिकायत पर राखी थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपराध क्रमांक 153/26 दर्ज किया गया था। आरोपी ने वरिष्ठ IAS अधिकारी सुबोध कुमार सिंह के नाम से Facebook पर फर्जी ID बनाई थी। मामले की जांच रेंज साइबर थाना रायपुर को सौंपी गई।
Facebook, Google और मोबाइल सर्विस प्रोवाइडर से मिले तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करने के बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान अर्जुन कुमार जाटव (23) निवासी हमीरपुर, उत्तरप्रदेश के रूप में की। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके मोबाइल की जांच में अन्य स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर के जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के नाम से फर्जी Facebook ID से जुड़े साक्ष्य भी मिलने की बात सामने आई है।
88 लाख की शेयर ट्रेडिंग ठगी में दूसरा आरोपी गिरफ्तार
दूसरे मामले में रश्मि शर्मा ने शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर 88 लाख रुपए की ठगी की शिकायत रेंज साइबर थाना रायपुर में दर्ज कराई थी। जांच के दौरान बैंक खातों, मोबाइल नंबर और WhatsApp से मिले साक्ष्यों का तकनीकी विश्लेषण किया गया।
पुलिस के अनुसार, जांच में प्रवीण कुमार दीक्षित (46) निवासी कानपुर, उत्तरप्रदेश की पहचान हुई। आरोप है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर ‘दीक्षित एजेंसी’ नाम से फर्जी कंपनी तैयार की और उसके नाम पर बैंक खाते खुलवाकर ठगी की रकम हासिल की। पूछताछ में पुलिस को गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों के संबंध में भी जानकारी मिलने की बात कही गई है।
पुलिस के मुताबिक, प्रवीण दीक्षित द्वारा इस्तेमाल किए गए बैंक खाते से देश के विभिन्न 11 थाना और साइबर सेल में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं। इससे पुलिस को ठगी के अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े और सुराग मिलने की उम्मीद है।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा के निर्देश पर रेंज साइबर थाना रायपुर की टीम ने की।




