बस्तर। अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कोड़ेनार पुलिस ने ग्राम मावलीभाटा के जहाजभाटा पारा में दबिश देकर 75 पेटी मध्यप्रदेश की अंग्रेजी शराब जब्त की है। बरामद शराब की कीमत करीब 5 लाख 6 हजार 250 रुपये बताई गई है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि बड़ी मात्रा में अवैध शराब घर में छिपाकर रखी गई है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी की, जहां गोवा व्हिस्की की 3,750 बोतलें बरामद हुईं।
पूछताछ में आरोपी दुलगो कवासी ने शराब को दशहरा मेले में बेचने के लिए जमा करने की बात बताई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस अब शराब की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब के नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




