बिलासपुर। जिले के ग्राम बांधा में अवैध इमारती लकड़ी के कारोबार के खिलाफ पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की है। जुनापारा चौकी पुलिस और वन विभाग की टीम ने पूर्व सरपंच खम्मन सोनवानी के घर छापेमारी कर उनके बेटे राजेश सोनवानी के कब्जे से सागौन की लकड़ी के 31 नग चिरान और सिलपट बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, गांव में अवैध रूप से इमारती लकड़ी के भंडारण और कारोबार की सूचना मिल रही थी। इसके बाद जुनापारा चौकी पुलिस ने वन विभाग के साथ मिलकर कार्रवाई की। तलाशी के दौरान घर से सागौन की लकड़ी बरामद होने पर टीम ने उसे जब्त कर लिया।

वन विभाग ने बरामद लकड़ी के संबंध में वन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जब्त लकड़ी की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
अब जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि सागौन की लकड़ी कहां से लाई गई थी और क्या इसके पीछे अवैध कटाई, भंडारण या परिवहन से जुड़ा कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




