रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री निवास (सीएम हाउस) के मुख्य गेट पर उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब एक युवक ने परिसर में प्रवेश करने की कोशिश की। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह उनसे उलझ गया और कथित तौर पर मारपीट करने लगा। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को बल प्रयोग कर युवक को काबू में करना पड़ा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सुबह करीब 8:30 बजे पहुंचा युवक
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना मंगलवार 13 अक्टूबर की सुबह करीब 8:30 बजे की है। डीडी नगर निवासी निखिल परगनिया मुख्यमंत्री निवास के गेट पर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि वह अंदर जाने की जिद कर रहा था। वहां मौजूद डायल 112 की टीम ने जब उसे रोकने की कोशिश की, तो युवक पुलिसकर्मियों से बहस करने लगा। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और उसने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया।
युवक को काबू करने पुलिस ने किया बल प्रयोग
मुख्यमंत्री निवास के गेट पर हुए इस घटनाक्रम के दौरान तनाव की स्थिति बन गई। युवक के लगातार विरोध और पुलिसकर्मियों से उलझने पर जवानों ने उसे नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग किया। इसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
हिरासत में युवक, प्रवेश की वजह जानने में जुटी पुलिस
पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है। फिलहाल मुख्यमंत्री निवास में प्रवेश करने के पीछे उसका क्या उद्देश्य था, इस संबंध में विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पूछताछ और जांच के बाद मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आने की संभावना है।




