दुर्ग : बच्चों की सुरक्षा के लिए बने चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय में ही एक महिला के साथ मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र स्थित दफ्तर के भीतर एक यूट्यूबर पर महिला को थप्पड़ और लात मारने का गंभीर आरोप लगा है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर विवेचना कर रही है।
यह भी पढ़े :- जमीन बेचने के विवाद में बेटे ने पिता की हत्या की, आरोपी गिरफ्तार
हेल्पलाइन की टीम ने नेहरू नगर चौक पर कारों के शीशे साफ कर रही 14-15 वर्षीय किशोरी को संरक्षण में लिया था। इसके बाद बच्ची की मां को समझाइश के लिए कार्यालय बुलाया गया। आरोप है कि बच्ची के स्कूल न जाने को लेकर बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया।
इसी दौरान यूट्यूबर ने आपा खोते हुए महिला को थप्पड़ मारे और लात चलाई। इतना ही नहीं, उसने महिला को गांजा रखकर झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी।फुटेज वायरल होते ही हेल्पलाइन प्रबंधन हरकत में आया और आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। प्रबंधन का कहना है कि सरकारी संरक्षण केंद्र के भीतर इस तरह की हरकत बेहद गंभीर है।
फिलहाल पद्मनाभपुर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।वहीं एएसपी शोभराज अग्रवाल ने बताया कि चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय में कल एक व्यक्ति के द्वारा कार्यालय में घुसकर अधिकारियों के साथ मारपीट की सूचना आई थी, कार्यालय में उपस्थित एक महिला के साथ भी मारपीट की गई है। पदमनाभपुर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है, आगे की कार्रवाई की जा रही है।




