गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिला अस्पताल परिसर के महिला टॉयलेट के फ्लश के पास नवजात शिशु का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव नाल और प्लेसेंटा सहित बरामद हुआ। सूचना मिलते ही अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
सिविल सर्जन डॉ. देवेंद्र पैकरा के मुताबिक, टॉयलेट से दुर्गंध आने पर वार्ड बॉय ने जांच की थी। इसी दौरान फ्लश के पास नवजात का शव मिला। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अस्पताल प्रबंधन ने डिलीवरी रूम, लेबर वार्ड और भर्ती मरीजों के रिकॉर्ड की जांच की। सिविल सर्जन के अनुसार, अस्पताल में प्रसव कराने वाली सभी महिलाओं के नवजात स्वस्थ हैं और इस बच्चे का अस्पताल में हुए प्रसव से कोई संबंध नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि अस्पताल के वार्ड संयुक्त हैं, ऐसे में किसी महिला द्वारा बिना जानकारी के प्रसव होने की संभावना नहीं है।
प्रथम दृष्टया अस्पताल प्रबंधन ने किसी बाहरी व्यक्ति द्वारा नवजात को यहां लाकर छोड़ने की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। गौरेला थाना प्रभारी शानिप रात्रे ने बताया कि मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अस्पताल के पिछले दो-तीन दिनों के CCTV फुटेज खंगाल रही है, ताकि नवजात को अस्पताल परिसर में लाने वाले व्यक्ति की पहचान हो सके। पोस्टमार्टम के बाद DNA सैंपल विधि-विज्ञान प्रयोगशाला भेजे गए हैं। पुलिस के मुताबिक, CCTV और DNA जांच की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




