रायपुर। महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा से लगे कोपर्शी जंगल में गडचिरोली पुलिस ने माओवादियों द्वारा जमीन में छिपाकर रखा गया हथियार और विस्फोटक सामग्री का डंप बरामद किया है। सर्चिंग के दौरान पुलिस को .303 रायफल, दो सिंगल शॉट रायफल, दो देशी पिस्टल और एक BGL लॉन्चर समेत छह अग्निशस्त्र मिले।
इसके अलावा पुलिस ने 10 BGL सेल, 21 जिंदा कारतूस, 7 डेटोनेटर और 150 मीटर केबल वायर बरामद किया। मौके से दो मैगजीन, दो कुकर, तीन वॉकी-टॉकी, तीन चार्जर और दो वॉकी-टॉकी बैटरियां भी जब्त की गई हैं।
पुलिस के मुताबिक, सूचना मिली थी कि कोपर्शी जंगल में सुरक्षा बलों पर घात लगाकर हमला करने और विस्फोट करने के लिए माओवादियों ने हथियार व विस्फोटक छिपाकर रखे हैं। सूचना के आधार पर 6 अक्टूबर को एसपी एम. रमेश के मार्गदर्शन में विशेष अभियान चलाया गया। प्राणहिता की विशेष अभियान टीम की पांच टुकड़ियों और BDDS की दो टीमों ने जंगल में सर्चिंग की।
जवानों ने संदिग्ध स्थानों की तलाशी ली, जहां जमीन में छिपाकर रखा हथियार और विस्फोटक बरामद हुआ। पुलिस का कहना है कि माओवादी दुर्गम जंगलों का फायदा उठाकर हथियार और विस्फोटक अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखते थे, जिनका इस्तेमाल घातपात की घटनाओं में किया जाता था। बरामद सामग्री भी इसी उद्देश्य से रखे जाने की आशंका है।
सर्चिंग के दौरान मिले माओवादी साहित्य को वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। कार्रवाई में विशेष अभियान दल, प्राणहिता, इंटेलिजेंस सेल और BDDS टीम के जवान शामिल रहे। एसपी एम. रमेश ने अभियान में शामिल जवानों की सराहना की।




