बिलासपुर। बिलासपुर-तखतपुर मुख्य मार्ग पर लाखासर मोड़ के पास डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर गोबर फेंके जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही बहुजन समाज के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और प्रतिमा के पास धरना देकर विरोध जताया।
प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, अज्ञात व्यक्ति ने डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा के चेहरे समेत पूरी प्रतिमा पर गोबर फेंका। कार्यकर्ताओं ने इसे महापुरुष के अपमान के साथ सामाजिक भावनाओं को आहत करने वाला कृत्य बताया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपी की पहचान और तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
बहुजन समाज पार्टी तखतपुर के महासचिव अखिलेश कोशले ने कहा कि डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा के अपमान को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोपी को पांच दिन के भीतर गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
अखिलेश कोशले ने चेतावनी दी कि तय समय सीमा में गिरफ्तारी नहीं होने पर बहुजन समाज के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बिलासपुर-तखतपुर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर आंदोलन करेंगे। फिलहाल मौके पर धरना जारी है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।




