कवर्धा। बिजली दरों में वृद्धि, बढ़ते बिजली बिल और स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं की शिकायतों के विरोध में कांग्रेस ने गुरुवार को रेंगाखार और इंदौरी स्थित बिजली कार्यालयों का घेराव किया। जिला कांग्रेस कमेटी कबीरधाम के अध्यक्ष नवीन जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बिजली उपभोक्ता भी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में बिजली मीटर लेकर नारेबाजी की और उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग उठाई।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई करीब, दिन में बढ़ेगी गर्मी और रात में महसूस होगी ठंडक
रेंगाखार में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रभाती मरकाम और इंदौरी में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मणिकांत त्रिपाठी के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में उपभोक्ता बढ़े हुए बिजली बिल, अतिरिक्त शुल्क और बिलों में विसंगतियों की शिकायत कर रहे हैं। स्मार्ट मीटर लगाए जाने को लेकर भी उपभोक्ताओं के बीच कई तरह की आशंकाएं हैं। कांग्रेस ने स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया में पारदर्शिता और शिकायतों के त्वरित निराकरण की मांग की।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवीन जायसवाल ने कहा कि एक ओर सरकार महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये देने का प्रचार कर रही है, वहीं दूसरी ओर बढ़े हुए बिजली बिलों से परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने सरकार से बिजली दरों और विभिन्न शुल्कों को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
पूर्व महामंत्री अर्जुन तिवारी ने गरीब, किसान, मजदूर और मध्यमवर्गीय परिवारों को बिजली बिल में राहत देने की मांग की। उन्होंने कांग्रेस सरकार के कार्यकाल की हाफ-बिल योजना का भी उल्लेख किया। पूर्व जिला अध्यक्ष नीलकंठ चंद्रवंशी, पूर्व विधायक ममता चंद्राकर और किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष रवि चंद्रवंशी ने भी बिजली बिलों में पारदर्शिता तथा स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों के समाधान की मांग उठाई।
ममता चंद्राकर ने कहा कि समस्याओं का समाधान नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने गांव-गांव जाकर उपभोक्ताओं की समस्याएं एकत्रित कर उन्हें संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाने की बात कही।




