धमतरी। जिले के भखारा थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। भखारा नगर पंचायत क्षेत्र में 25 वर्षीय काजल पाल का शव फंदे पर लटका मिला। काजल की शादी करीब छह महीने पहले ही हुई थी। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े :- बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, रेंगाखार-इंदौरी बिजली कार्यालयों का घेराव
जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही भखारा पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, मौत की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। ऐसे में पुलिस अलग-अलग पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने मृतका के परिजनों, ससुराल पक्ष और आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शादी के कुछ ही महीनों बाद ऐसी स्थिति क्यों बनी।
फिलहाल पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही काजल की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।




