बिलासपुर। शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए नगर निगम की कार्रवाई लगातार जारी है। निगम आयुक्त के निर्देश पर स्वच्छता अमले ने व्यापार विहार और पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग और भंडारण पाए जाने पर 11 दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
यह भी पढ़े :- केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू का कांग्रेस पर निशाना, बोले- देश को आगे ले जाने की नीति नहीं
जांच के दौरान दुकानों से करीब 13 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री जब्त की गई। वहीं सभी संबंधित दुकानदारों पर निगम ने कुल 11 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। निगम की टीम ने दुकानदारों को भविष्य में प्रतिबंधित प्लास्टिक का विक्रय या भंडारण करते पाए जाने पर अधिक जुर्माने और कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
कार्रवाई की जद में पुराने बस स्टैंड क्षेत्र से सतीश जायसवाल, जितेंद्र छाबड़ा और मिली छाबड़ा शामिल हैं। वहीं व्यापार विहार क्षेत्र में सूरज, बलराम, दिनेश, महेश, सौरभ मिश्रा, नरेश मंगवानी, ललित और प्रतीक के खिलाफ कार्रवाई की गई।
निगम आयुक्त ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण और जनस्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक है और इसके उपयोग पर प्रतिबंध लागू है। उन्होंने व्यापारियों और नागरिकों से प्लास्टिक की जगह कपड़े, जूट समेत पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की है।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि प्लास्टिक के खिलाफ जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रतिबंधित प्लास्टिक का विक्रय, उपयोग या भंडारण करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




