रायपुर। अभनपुर के गोबरा नवापारा नगर में हुए सड़क हादसे में स्कूटी सवार 60 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मैडम चौक के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे के बाद पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर लिया है, जबकि चालक की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़े :- युवा कांग्रेस चुनाव में फर्जी वोटिंग के आरोप, राजनांदगांव में उम्मीदवारों ने लगाए गंभीर सवाल
मृतक की पहचान अख्तर अली के रूप में हुई है, जो राजिम में मस्तान शाह दरगाह के पास रहते थे। जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह करीब 11 बजे वह स्कूटी क्रमांक CG 04 DZ 4083 से जा रहे थे। इसी दौरान मैडम चौक के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अख्तर अली की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गोबरा नवापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी और ट्रैक्टर से संबंधित जानकारी जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
रेत परिवहन को लेकर स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती भारी वाहनों और ट्रैक्टरों की आवाजाही को लेकर भी सवाल उठाए हैं। लोगों का दावा है कि राजिम क्षेत्र के समीप पितईबंद से रेत का परिवहन ट्रैक्टरों के जरिए गोबरा नवापारा की ओर किया जाता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार दमानी पेट्रोल पंप के पास रेत का स्टॉक किया जाता है और वहां से जेसीबी के जरिए हाईवा वाहनों में रेत लोड कर आगे भेजी जाती है। उनका कहना है कि रेत के इस कारोबार के कारण इलाके में ट्रैक्टरों की आवाजाही बढ़ी है।
हालांकि, रेत उत्खनन और परिवहन से जुड़े स्थानीय लोगों के इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस फिलहाल सड़क हादसे के मामले की जांच कर रही है और ट्रैक्टर चालक की तलाश जारी है।




