रायपुर। आयुष्मान भारत योजना के तहत कथित अनियमितताओं और फर्जी मरीजों के नाम पर क्लेम किए जाने की शिकायतों के बीच स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेशभर में बड़ी जांच कार्रवाई शुरू की है। विभाग की अलग-अलग टीमें करीब 15 स्थानों पर निजी अस्पतालों में पहुंचकर दस्तावेजों और मरीजों से संबंधित रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं।
यह भी पढ़े :- गोबरा नवापारा में ट्रैक्टर की टक्कर से स्कूटी सवार की मौत, पुलिस ने वाहन किया जब्त
रायपुर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने श्री अनंत साईं हॉस्पिटल, श्री महावीर अस्पताल-मोवा, वरदान हॉस्पिटल और रावतपुरा हॉस्पिटल में जांच शुरू की है। टीम आयुष्मान योजना के तहत भर्ती दिखाए गए मरीजों से संबंधित दस्तावेज, उपचार रिकॉर्ड और योजना के अंतर्गत किए गए क्लेम की जानकारी खंगाल रही है।
विभाग को कुछ अस्पतालों में ऐसे मरीजों के नाम पर क्लेम किए जाने की शिकायतें मिली थीं, जिनकी भर्ती और इलाज को लेकर सवाल उठाए गए हैं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर स्वास्थ्य विभाग की टीम रिकॉर्ड का मिलान कर रही है।
जांच के दौरान अस्पतालों में मरीजों की भर्ती से जुड़े दस्तावेज, उपचार संबंधी रिकॉर्ड और आयुष्मान योजना के तहत किए गए दावों की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल विभाग की कार्रवाई जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही अनियमितता या फर्जीवाड़े से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट होगी।




