धमतरी। जिले में एक लॉज के कमरे से 22 वर्षीय युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और FSL की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। मृतका की पहचान कवर्धा निवासी पिंकी मानिकपुर के रूप में हुई है।
यह भी पढ़े :- झीरम घाटी मामले में कांग्रेस लड़ेगी न्यायालयीन लड़ाई, दीपक बैज ने सरकार पर भी साधा निशाना
24 सितंबर से लॉज में ठहरी थी युवती
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित सीजी-05 रेस्टोरेंट-लॉज का है। पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पिंकी मानिकपुर 24 सितंबर से लॉज में ठहरी हुई थी। रविवार सुबह लॉज के एक कमरे में उसका शव मिलने की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस और FSL की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल युवती की मौत किन परिस्थितियों में और कब हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।
लॉज कर्मचारियों से पूछताछ
जांच के दौरान पुलिस लॉज के कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही युवती के लॉज पहुंचने, उसके ठहरने और इस दौरान उसके संपर्क में आए लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि युवती कमरे में अकेली ठहरी थी या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति मौजूद था। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य जानकारी के आधार पर पुलिस मामले की सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही है।
परिजन पहुंचे धमतरी
घटना की सूचना मृतका के परिजनों को दे दी गई है। जानकारी मिलने के बाद परिजन धमतरी पहुंच गए हैं। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




