रायपुर। झीरम घाटी हत्याकांड के पीड़ित परिवारों के साथ राहुल गांधी की मुलाकात को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि इस संबंध में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से चर्चा हुई है। उन्होंने कहा कि मामले में आए फैसले से पीड़ित परिवार और कांग्रेस संतुष्ट नहीं हैं। अब कांग्रेस इस मामले को लेकर न्यायालयीन लड़ाई लड़ेगी।
यह भी पढ़े :- PM Modi Mann Ki Baat: ‘आज का भारत आतंक को देता है करारा जवाब’, सर्जिकल स्ट्राइक के 10 साल का जिक्र
वोट चोरी के मुद्दे पर भाजपा पर पलटवार
वोट चोरी के आरोपों को लेकर भाजपा नेताओं के बयानों पर पलटवार करते हुए दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई चुनाव आयोग के खिलाफ है, लेकिन भाजपा चुनाव आयोग की प्रवक्ता की तरह बयान दे रही है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी आरोप लगाए और उनके इस्तीफे की मांग की।
बैज ने कहा कि इस मुद्दे को लेकर अब देश की जनता भी सड़क पर उतरकर लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है। हालांकि, ये सभी बातें कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष द्वारा लगाए गए राजनीतिक आरोप हैं।
सिमगा लाठीचार्ज को लेकर सरकार पर निशाना
सिमगा में गणेश विसर्जन के दौरान पुलिस लाठीचार्ज के मामले को लेकर भी दीपक बैज ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार एक ओर खुद को हिंदूवादी बताती है, वहीं दूसरी ओर गणेश पंडालों से चंदा लिया जा रहा है और पर्याप्त व्यवस्था नहीं की जा रही है।
बैज ने कहा कि विसर्जन के दौरान बनी स्थिति और व्यवस्था की जिम्मेदारी राज्य सरकार की है।




