कोंडागांव। केशकाल क्षेत्र में तीन दिनों से हो रही बारिश के बीच खराब सड़क के कारण प्रसव पीड़ा से जूझ रही गर्भवती महिला को अस्पताल पहुंचाने में परिजनों को भारी मशक्कत करनी पड़ी। ऊपर बेडमापारा गांव तक सड़क पर कीचड़ और पानी जमा होने के कारण 102 एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी। इसके बाद परिजनों ने महिला को गोद में उठाकर एंबुलेंस तक पहुंचाया।
यह भी पढ़े :- ट्रांसफार्मर फटने से झुलसे पिता-पुत्र समेत तीन किसानों की मौत
जानकारी के मुताबिक, प्रसव पीड़ा शुरू होने पर परिजनों ने 102 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी थी। लगातार बारिश के कारण गांव तक पहुंचने वाली सड़क की स्थिति खराब थी। सूचना मिलने पर केशकाल एसडीएम आकांक्षा नायक ने तहसीलदार गणेश सिदार और थाना प्रभारी विकास बघेल के नेतृत्व में पुलिस एवं प्रशासन की टीम को मौके पर भेजा।
टीम ने मौके पर पहुंचकर एंबुलेंस के लिए रास्ता तैयार कराया। इसके बाद एंबुलेंस गांव तक पहुंची। महिला को परिजनों ने गोद में उठाकर वाहन तक पहुंचाया, जिसके बाद उसे तत्काल केशकाल अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल पहुंचने के करीब 10 मिनट बाद महिला ने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित हैं।
घटना के बाद एसडीएम ने 102 एंबुलेंस सेवा की व्यवस्था में सामने आई कमी को गंभीरता से लिया है। संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। बारिश के दौरान खराब सड़क के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं और आवागमन को लेकर सामने आई समस्या ने एक बार फिर व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।




