दुर्ग। ज्वेलरी दुकान में कारोबारी पर चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार किया है। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई थी। हमले में कारोबारी के चेहरे और हाथ पर गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में नाबालिग ने करीब दो साल पुरानी घटना को हमले की वजह बताया है।
यह भी पढ़े :- खराब सड़क से गांव नहीं पहुंची एंबुलेंस, गर्भवती को गोद में उठाकर पहुंचाया; अस्पताल में सुरक्षित प्रसव
पुलिस के अनुसार, आरोपी चेहरे पर मास्क लगाकर कारोबारी की दुकान पर पहुंचा था। उसने अपने साथ लाई चांदी की चेन को गिरवी रखने की बात कही। कारोबारी ने चेन गिरवी रखने से इनकार करते हुए उसे दूसरी दुकान पर जाने के लिए कहा। इसी दौरान आरोपी ने अपने पास छिपाकर रखा चाकू निकाला और कारोबारी पर हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की। फुटेज और अन्य जानकारी के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध की पहचान की और उसे हिरासत में लिया। सीएसपी हर्षित मेहर के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी के 11वीं कक्षा का छात्र होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि करीब दो साल पहले वह इसी कारोबारी की दुकान पर चांदी की चेन खरीदने पहुंचा था। चेन की कीमत 450 रुपये थी, जबकि उसके पास 350 रुपये ही थे। उसने 100 रुपये कम होने की बात कहते हुए कीमत कम करने का आग्रह किया था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उस समय कारोबारी की कथित टिप्पणी से उसे अपमान महसूस हुआ था। पुलिस के अनुसार, इसी घटना को लेकर उसके मन में लंबे समय से नाराजगी थी।
पुलिस ने नाबालिग के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से आदेश के बाद उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया। नाबालिग होने के कारण पुलिस ने उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की है।
पुलिस अब घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज समेत उपलब्ध साक्ष्यों को केस की जांच में शामिल किया गया है।




