Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया है। शनिवार को खेले गए गोल्ड मेडल मुकाबले में भारत ने ईरान को रोमांचक मुकाबले में 37-34 से हराया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने एशियन गेम्स में महिला कबड्डी का खिताब बरकरार रखा।
यह भी पढ़े :- 7 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के दोषी को 20 साल की सजा, FIR के 40 दिन में फैसला
पहले हाफ में भारत ने बनाई 22-16 की बढ़त
गोल्ड मेडल मुकाबले की शुरुआत दोनों टीमों के बीच कड़े संघर्ष के साथ हुई। एक समय स्कोर 7-7 की बराबरी पर था, लेकिन इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाते हुए बढ़त बनानी शुरू कर दी।
पहले हाफ के अंतिम चरण में भारत ने ईरान को ऑलआउट किया और ब्रेक तक 22-16 की बढ़त हासिल कर ली।
दूसरे हाफ में ईरान की जोरदार वापसी
दूसरे हाफ में ईरान ने जोरदार वापसी की और भारतीय टीम पर दबाव बनाया। ईरान ने भारत को ऑलआउट करते हुए मुकाबले का अंतर काफी कम कर दिया। इसके बाद भारतीय टीम ने भी संभलकर खेलते हुए महत्वपूर्ण अंक जुटाए और मुकाबले पर अपनी पकड़ बनाए रखी।
आखिरी मिनटों में मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, लेकिन भारतीय टीम ने दबाव के बीच बेहतर प्रदर्शन करते हुए स्कोर 37-34 तक पहुंचाया और स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया।
पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही भारतीय टीम
भारतीय महिला कबड्डी टीम का एशियन गेम्स 2026 में अभियान अजेय रहा। ग्रुप स्टेज में भारत ने बांग्लादेश और ईरान को हराया, जबकि जापान के खिलाफ भी जीत दर्ज की। इसके बाद सेमीफाइनल में भारत ने नेपाल को 48-24 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।
फाइनल में ईरान को हराने के साथ भारत ने महिला कबड्डी में अपना खिताब बरकरार रखा। यह महिला कबड्डी में एशियन गेम्स का भारत का चौथा स्वर्ण पदक है।
2018 के बाद फिर भारत का दबदबा
महिला कबड्डी में भारत का एशियन गेम्स में मजबूत रिकॉर्ड रहा है। 2018 जकार्ता गेम्स में ईरान ने भारत को फाइनल में हराकर स्वर्ण पदक जीता था। इसके बाद भारत ने 2022 हांगझोउ गेम्स में चीन-ताइपे को हराकर गोल्ड जीता और अब 2026 में भी खिताब बरकरार रखा है।




