खैरागढ़-छुईखदान-गंडई। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच दनिया पुल पर शनिवार देर रात बड़ा हादसा टल गया। उफनते नदी-नाले के बीच पुल पार करने की कोशिश कर रहे रायपुर और भिलाई के 5 युवक-युवतियों की कार तेज बहाव में बह गई। कार पानी में फंसने के बाद सभी लोग किसी तरह पेड़ के सहारे अपनी जान बचाकर टिके रहे। सूचना मिलते ही पुलिस ने अंधेरे और तेज बारिश के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
यह भी पढ़े :- 36 घंटे की बारिश ने मचाई तबाही! छत्तीसगढ़ में बाढ़ जैसे हालात, कहीं कार बही तो कहीं 100 से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू
घटना 26 सितंबर की रात करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, रायपुर की ओर से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक CG 04 PV 5636 दनिया पुल पर पहुंची। पुल पर बाढ़ के पानी को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के लिए स्टॉपर लगाए थे। आरोप है कि कार चालक ने स्टॉपर को टक्कर मार दी।
पुल के दूसरे छोर पर तैनात पुलिसकर्मियों ने आवाज देकर कार चालक को आगे नहीं बढ़ने की चेतावनी भी दी, लेकिन चालक कथित तौर पर चेतावनी को नजरअंदाज कर उफनते पानी में कार लेकर आगे बढ़ गया। कुछ ही देर में तेज बहाव ने कार को सड़क से खींचकर नदी की मझधार में पहुंचा दिया।
पेड़ के सहारे बचाई जान, 112 पर मांगी मदद
कार के पानी में फंसते ही उसमें सवार पांचों लोग घबरा गए और मदद के लिए चीख-पुकार करने लगे। किसी तरह वे कार से निकलकर पेड़ के सहारे रुके रहे। इसके बाद उन्होंने 112 नंबर पर फोन कर पुलिस से मदद मांगी।
ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही गंडई थाना प्रभारी शिव शंकर गेदले के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। भारी बारिश, अंधेरा और तेज बहाव के बीच पुलिस ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
पुलिस टीम ने एक-एक कर पानी में फंसे सभी पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के बाद सभी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) गंडई ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। सभी की हालत सुरक्षित बताई गई है।
कान्हा घूमने निकले थे पांचों दोस्त
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि कार में सवार सभी लोग रायपुर और भिलाई से मध्यप्रदेश के कान्हा-किसली घूमने के लिए निकले थे। कार कुबेर साहू चला रहा था।
रेस्क्यू किए गए लोगों में शामिल हैं—
कमलेश साहू (25) – गुढ़ियारी, रायपुर
कुबेर साहू (25) – कृष्णा नगर, गुढ़ियारी, रायपुर
निहाल सक्सेना (21) – कृष्णा नगर, गुढ़ियारी, रायपुर
महक कौर (21) – कैंप-02, पावर हाउस, भिलाई
प्रीति रात्रे (20) – कैंप-01, रामनगर, भिलाई
पुलिस की मुस्तैदी से बची पांच जिंदगियां
जिले में भारी बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। बाढ़ की आशंका को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दनिया पुल पर पहले से ही पुलिस बल तैनात किया गया था। इसी वजह से मौके पर मौजूद जवानों ने कार को पानी में जाते ही तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी और रेस्क्यू शुरू कराया।




