सुकमा। कुम्हाररास स्थित कलेक्टर कार्यालय परिसर के पास सुकमा पुलिस की शासकीय वाहन में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। चलती वाहन से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। स्थिति को भांपते हुए वाहन में सवार पुलिसकर्मियों ने तत्काल बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
यह भी पढ़े :- जनता का विश्वास खो चुकी कांग्रेस अब जनादेश पर ही उठा रही सवाल : मुख्यमंत्री साय
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन धू-धूकर जलने लगा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि पुलिसकर्मियों के समय रहते वाहन से बाहर निकल जाने के कारण किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना कुम्हाररास स्थित कलेक्टर कार्यालय परिसर के पास हुई। आग लगने की सूचना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में भी हलचल मच गई। वाहन में आग किस वजह से लगी, इसका फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
प्रारंभिक तौर पर वाहन में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा सकती है, लेकिन आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। हादसे में पुलिस वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है।




