बिलासपुर। जिले के कोचिंग डिपो में मेंटेनेंस के दौरान एक रेल कर्मचारी हादसे का शिकार हो गया। शिवनाथ एक्सप्रेस के रैक को स्टेशन की ओर रवाना करने की तैयारी के दौरान कर्मचारी का पैर अचानक ट्रेन के पहिए की चपेट में आ गया। हादसे में उसका पैर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसे तत्काल अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यह भी पढ़े :- बदनाम करने की धमकी देकर नाबालिग को ले गया, दुष्कर्म के आरोप में युवक गिरफ्तार
जानकारी के मुताबिक, नेताजी सुभाषचंद्र बोस इतवारी स्टेशन से सुबह बिलासपुर पहुंची शिवनाथ एक्सप्रेस को धुलाई और मेंटेनेंस के लिए कोचिंग डिपो भेजा गया था। यहां इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल और सफाई का काम चल रहा था। दोपहर करीब 2:10 बजे ट्रेन के रैक को बिलासपुर स्टेशन की ओर ले जाने की तैयारी के दौरान यह हादसा हुआ।
घटना के बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने घायल को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद कोचिंग डिपो में कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था और ट्रेन मूवमेंट के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा प्रोटोकॉल को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
गौरतलब है कि कोचिंग डिपो में इससे पहले भी हादसे हो चुके हैं। कुछ दिन पहले सफाई कार्य से जुड़े एक निजी कर्मचारी की ओएचई की चपेट में आने से मौत की घटना सामने आई थी। ऐसे में ताजा हादसे के बाद रेल प्रशासन की ओर से सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा और घटना की जांच पर नजर है।




