Raipur News : रायपुर शहर की यातायात और बाजार व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए नगर निगम ने भाटागांव बाजार में कार्रवाई की। निगम की टीम ने मुख्य मार्ग से अतिक्रमण हटाते हुए सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से कारोबार कर रहे विक्रेताओं को उनके निर्धारित और आवंटित स्थान पर शिफ्ट किया।
यह भी पढ़े :- ट्यूशन से लौट रही छात्रा को खंडहर में घेरा, शोर मचाने पर पहुंचे युवक; 4 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर निगम बाजार विभाग की उपायुक्त डॉ. अंजलि शर्मा, नगर निवेशक आभाष मिश्रा और जोन-6 के जोन कमिश्नर हितेन्द्र यादव की मौजूदगी में निगम की टीम प्रहरी और पुलिस बल के सहयोग से कार्रवाई की गई। (Raipur News)
बाजार के अंदर वाहनों की आवाजाही पर रोक
निगम ने बाजार परिसर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए पूरे क्षेत्र को ‘नो-व्हीकल जोन’ घोषित किया है। अब बाजार में सब्जी बेचने वाले विक्रेताओं के साथ खरीदारी करने आने वाले ग्राहकों को भी परिसर के भीतर वाहन ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग और वाहन स्थल का उपयोग करना होगा। निगम ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
थोक सब्जी विक्रेताओं के वाहनों के लिए भी बाजार परिसर में अलग स्थान चिन्हित किए गए हैं। इसका उद्देश्य अनियमित पार्किंग के कारण बाजार और मुख्य मार्ग पर होने वाले यातायात दबाव को कम करना है।
अवैध निर्माण कर आगे बढ़ाई गई दुकानों पर कार्रवाई
नगर निगम की टाउन प्लानिंग टीम ने मुख्य मार्ग पर अवैध संरचनाएं बनाकर दुकानों को निर्धारित सीमा से आगे बढ़ाने वाले व्यवसायियों के खिलाफ भी कार्रवाई की। टीम ने ऐसी संरचनाओं को हटाया।
निगम ने कहा कि सार्वजनिक मार्ग या निर्धारित सीमाओं पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण और अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा।
आवंटित जगह से बाहर कारोबार करने पर कार्रवाई
निगम के मुताबिक, भाटागांव बाजार में प्रत्येक व्यवसायी और विक्रेता के लिए स्थान निर्धारित एवं आवंटित किया गया है। सभी को अपने आवंटित स्थल पर ही व्यवसाय करने के निर्देश दिए गए हैं।
आवंटित जगह से बाहर बैठकर बाजार व्यवस्था प्रभावित करने या निगम के निर्देशों का उल्लंघन करने पर संबंधित विक्रेता का आवंटन निरस्त किया जा सकता है।
शासकीय कार्य में बाधा डालने पर एक व्यक्ति पुलिस के हवाले
कार्रवाई के दौरान शासकीय कर्मचारियों के साथ कथित तौर पर अभद्रता करने और शासकीय कार्य में बाधा डालने वाले एक व्यक्ति को पुलिस के सुपुर्द किया गया। उसे थाने भेजकर आगे की कार्रवाई की गई।
नगर निगम ने कहा है कि बाजार में अतिक्रमण करने, अव्यवस्था फैलाने या शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
निगम के अनुसार, कार्रवाई का उद्देश्य भाटागांव बाजार को व्यवस्थित, सुरक्षित और सुगम बनाना है, ताकि विक्रेताओं के साथ-साथ आम नागरिकों को भी बेहतर बाजार व्यवस्था मिल सके। (Raipur News




