बालोद। जिले के देवरी थाना क्षेत्र में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। परसुली गांव के पास डौंडीलोहारा-राजनांदगांव मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद कार चालक और उसका साथी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
यह भी पढ़े :- लिव-इन पार्टनर की मौत के बाद सेप्टिक टैंक में छिपाया शव, रक्षाबंधन पर नहीं पहुंची तो खुला राज
बाइक पर पिता के साथ निकले थे दोनों बच्चे
जानकारी के मुताबिक परसुली निवासी पवन सोनकर रविवार रात अपने 3 वर्षीय बेटे हिमांशु सोनकर और 12 वर्षीय भतीजे नमन कुमार सोनकर के साथ बाइक क्रमांक CG 24 S 1107 से निकले थे।
इसी दौरान डौंडीलोहारा की ओर से देवरी की तरफ जा रही कार क्रमांक CG 08 AT 360 ने कथित तौर पर गलत दिशा में जाकर बाइक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
तीनों को पहले देवरी अस्पताल ले जाया गया
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल मदद पहुंचाई। सूचना मिलने पर डायल-112 और एंबुलेंस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची।
तीनों घायलों को देवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें राजनांदगांव रेफर कर दिया गया।
वहां इलाज के दौरान पवन सोनकर के 3 वर्षीय बेटे हिमांशु और 12 वर्षीय भतीजे नमन की मौत हो गई। वहीं पवन सोनकर का उपचार जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद कार छोड़कर भागे चालक और साथी
बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद कार में सवार चालक और उसका साथी वाहन को घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर देवरी पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर फरार चालक और उसके साथी की तलाश शुरू कर दी है।




