धमतरी। जिले की खराब सड़कों और उड़ती धूल से परेशान लोगों की समस्याओं को लेकर छत्तीसगढ़ी क्रांति सेना ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सिहावा रोड पर सड़क के बीच दीये जलाकर जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का ध्यान बदहाल सड़कों की ओर खींचा।
यह भी पढ़े :- यात्री बस अनियंत्रित होकर खेत में पलटी, कंडक्टर गंभीर; कई यात्री घायल
‘सड़क में गड्ढे या गड्ढों में सड़क?’
प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने कहा कि धमतरी की कई प्रमुख सड़कें लंबे समय से गड्ढों से जूझ रही हैं। स्थिति ऐसी है कि यह समझना मुश्किल हो गया है कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों के बीच सड़क बची है।
सेना के कार्यकर्ताओं का दावा है कि इन गड्ढों की वजह से आए दिन वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। खासतौर पर सिहावा रोड पर सड़क की स्थिति और धूल के कारण दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बड़े वाहनों के गुजरते ही छा जाता है धूल का गुबार
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सिहावा रोड पर जब बड़े वाहन गुजरते हैं तो सड़क पर इतना धूल उड़ता है कि पीछे चल रहे दोपहिया वाहन और चालक कुछ समय के लिए दिखाई तक नहीं देते। उनका कहना है कि सड़क से गुजरने वाले लोगों के कपड़े धूल से खराब हो रहे हैं और आसपास के दुकानदार व रहवासी भी परेशान हैं।
प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, धमतरी शहर की कई अन्य सड़कों पर भी कमोबेश ऐसी ही स्थिति बनी हुई है।
सड़क पर गिट्टी डालने से बढ़ी परेशानी का आरोप
छत्तीसगढ़ी क्रांति सेना के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि बारिश के बाद सड़क निर्माण की बात कहकर जिम्मेदार अधिकारी समस्या को टाल रहे हैं। उनका दावा है कि कई जगह सड़क पर गिट्टी डाल दी गई है, लेकिन इससे आवागमन आसान होने के बजाय धूल और परेशानी बढ़ गई है।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि सड़क पर उड़ती धूल के कारण सड़क किनारे लगी लाइट तक स्पष्ट दिखाई नहीं देती। इसी वजह से उन्होंने सड़क पर दीये जलाकर ‘अंधेरे में काम कर रहे जिम्मेदारों को जगाने’ का संदेश देने की कोशिश की।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से सड़कों की जल्द मरम्मत कराने, गड्ढों को दुरुस्त करने और धूल की समस्या से राहत दिलाने की मांग की है।




