धमतरी। बालोद से धमतरी आ रही एक यात्री बस करहीभदर गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में बस का कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हुआ है, जबकि कई यात्रियों को चोटें आई हैं।
यह भी पढ़े : 30 लाख के लेन-देन में शिक्षक की हत्या, साथी शिक्षक निकला कातिल
अनियंत्रित होकर खेत में पलटी बस
जानकारी के अनुसार, यात्री बस बालोद से यात्रियों को लेकर धमतरी की ओर आ रही थी। करहीभदर गांव के पास पहुंचते ही बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से उतरकर खेत में पलट गई। हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
बस पलटने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
एंबुलेंस से अस्पताल भेजे गए घायल
घटना की सूचना मिलते ही 102 और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। हादसे में बस कंडक्टर को गंभीर चोटें आने की जानकारी है। अन्य घायल यात्रियों का भी उपचार कराया जा रहा है।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल बस के अनियंत्रित होने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।




