मुंगेली। बरेला नगर पंचायत स्थित माइंड्स आई इंटरनेशनल स्कूल में जन्माष्टमी के मौके पर आयोजित मटका फोड़ कार्यक्रम की तैयारी के दौरान बड़ा हादसा हो गया। कार्यक्रम की तैयारियों के बीच सातवीं कक्षा का छात्र वैभव जायसवाल हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से छात्र गंभीर रूप से झुलस गया और उसके चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं।
हादसा 3 सितंबर की दोपहर करीब 12 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि स्कूल परिसर में मटका फोड़ कार्यक्रम की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान छात्र परिसर से गुजर रहे हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गया। करंट की चपेट में आते ही वह बुरी तरह झुलस गया, जिसके बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई।
गंभीर हालत में बिलासपुर रेफर
घटना के तुरंत बाद घायल छात्र को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बिलासपुर रेफर कर दिया। फिलहाल छात्र का इलाज जारी है और उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लगाए लापरवाही के आरोप
हादसे के बाद छात्र के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि स्कूल परिसर में हाईटेंशन बिजली लाइन जैसी संवेदनशील जगह होने के बावजूद कार्यक्रम आयोजित करते समय विद्यार्थियों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए।
परिजनों का कहना है कि यदि आयोजन से पहले सुरक्षा व्यवस्था और विद्यार्थियों की आवाजाही को लेकर सावधानी बरती जाती तो इस तरह की घटना को टाला जा सकता था।
शिक्षा विभाग ने शुरू की जांच
मामले की जानकारी मिलने के बाद शिक्षा विभाग की टीम भी स्कूल पहुंची। विकासखंड शिक्षा अधिकारी विमित्रा धृतलहरे ने मौके का निरीक्षण कर घटना की जानकारी ली। विभाग की ओर से स्कूल में सुरक्षा व्यवस्था और कार्यक्रम के दौरान बरती गई सावधानियों की जांच की जा रही है।
स्कूल प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस
जिला शिक्षा अधिकारी एलपी डाहिरे के मुताबिक, विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय मुंगेली की ओर से माइंड्स आई इंटरनेशनल स्कूल के संस्था प्रमुख/प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
नोटिस में स्कूल परिसर में आयोजन के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी और हाईटेंशन तार के आसपास विद्यार्थियों की मौजूदगी को गंभीरता से लिया गया है। विभागीय जांच के बाद स्कूल प्रबंधन के खिलाफ आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
फिलहाल घायल छात्र का बिलासपुर में उपचार जारी है, जबकि शिक्षा विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है।




