बिलासपुर। रतनपुर के आठाबिसा तालाब के पास शुक्रवार रात सड़क पर टूटकर गिरे एलटी बिजली तार की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
यह भी पढ़े :- चाणक्य नीति: इन मौकों पर चुप रहना ही है समझदारी, वरना बढ़ सकती है परेशानी
जानकारी के अनुसार, आठाबिसा तालाब के पास बिजली का एलटी तार टूटकर सीसी रोड पर गिरा हुआ था। इसी दौरान मंदिर में पूजा करने जा रहे ईश्वर अनंत उर्फ राजू सड़क पर पड़े करंट प्रवाहित तार की चपेट में आ गए। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
सूचना के बाद पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कुछ दिन पहले भी हुई थी करंट से मौत
स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी स्थान के पास कुछ दिन पहले भेड़ीमुड़ा क्षेत्र के एक युवक की भी बिजली करंट की चपेट में आने से मौत हुई थी। इसके बावजूद टूटे बिजली तार को समय रहते हटाने और बिजली आपूर्ति बंद करने की कार्रवाई नहीं की गई।
लगातार दूसरी घटना सामने आने के बाद लोगों में बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि सड़क पर गिरे तार की समय पर सूचना लेकर बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती और तार को हटा दिया जाता, तो हादसा टाला जा सकता था।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे की वास्तविक परिस्थितियों और बिजली विभाग की जिम्मेदारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।




