CG Weather Alert : छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के रायपुर केंद्र ने 3 सितंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों से सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।
यह भी पढ़े :- केदार कश्यप का भूपेश बघेल पर तंज- ‘जहां जाते हैं, वहां कांग्रेस का बंटाधार कर जाते हैं’
कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार बलरामपुर, सरगुजा, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, रायपुर, बिलासपुर, धमतरी, जांजगीर-चांपा, दुर्ग, कोरबा और महासमुंद समेत प्रदेश के कई जिलों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार करीब 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसमी सिस्टम से बढ़ी बारिश की गतिविधियां
मौसम विभाग के मुताबिक देश के कई हिस्सों में सक्रिय मौसमी प्रणालियों के कारण छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां तेज बनी हुई हैं। बंगाल की खाड़ी और पूर्वी भारत के आसपास बने कम दबाव के क्षेत्र तथा चक्रवाती परिसंचरण का असर मध्य और पूर्वी भारत के मौसम पर पड़ रहा है। इसके चलते छत्तीसगढ़ समेत आसपास के राज्यों में आने वाले दिनों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है। (CG Weather Alert)
आंधी के दौरान पेड़ और बिजली के खंभों से रहें दूर
तेज आंधी के दौरान कमजोर पेड़ और उनकी शाखाएं टूटकर गिर सकती हैं। इसके अलावा बिजली के खंभों, होर्डिंग्स और अस्थायी ढांचों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका रहती है। मौसम खराब होने पर लोगों को खुले मैदान, बड़े पेड़ों, बिजली के खंभों और जर्जर ढांचों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि बारिश और आंधी के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें और मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें। (CG Weather Alert)




