रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत घरघोड़ा पुलिस को वाहन चोरी के मामले में सफलता मिली है। पुलिस ने निगरानी बदमाश महेश पैंकरा के साथ बाइक और मोबाइल चोरी की वारदात में शामिल फरार आरोपी विकास कुमार चौहान (29) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
बाइक के हैंडल में टंगे झोले से चोरी किया था मोबाइल
पुलिस के अनुसार, फुलीकुंडा निवासी बसंत राठिया ने 23 जुलाई 2026 को घरघोड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 29 जून को खाद लेने के लिए घरघोड़ा आए थे। इस दौरान उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG-13-UA-3703 को जैन पंडा के घर के सामने खड़ा किया था।
मोटरसाइकिल के हैंडल में टंगे झोले में उनका रेडमी मोबाइल रखा हुआ था। कुछ देर बाद वापस लौटने पर बाइक और मोबाइल दोनों गायब मिले। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 234/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर महेश पैंकरा पकड़ा गया
मामले की जांच के दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। इसी दौरान सूचना मिली कि निगरानी बदमाश महेश पैंकरा चोरी की बाइक लेकर घूम रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घरघोड़ा-लैलूंगा मुख्य मार्ग स्थित शनि मंदिर के पास घेराबंदी कर महेश पैंकरा (34), निवासी नेगीपारा, घरघोड़ा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने साथी विकास चौहान के साथ मिलकर बाइक और मोबाइल चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने महेश पैंकरा के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल और करीब 20 हजार रुपये कीमत का रेडमी मोबाइल बरामद कर लिया था। वहीं, घटना के बाद से विकास चौहान फरार था।
यू-ट्यूब चैनल पर भी रखी जा रही थी नजर
फरार आरोपी विकास चौहान की तलाश के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि वह यू-ट्यूब चैनल चलाता है। पुलिस उसके यू-ट्यूब चैनल और गतिविधियों पर भी नजर रख रही थी। साथ ही उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाने के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया था।
इसी बीच 1 सितंबर 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि विकास चौहान अपने गांव चुहकीमार में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गांव में दबिश देकर उसे हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में विकास चौहान ने महेश पैंकरा के साथ मिलकर बाइक और मोबाइल चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसे 1 सितंबर की दोपहर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत कार्रवाई
रायगढ़ पुलिस द्वारा “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत निगरानी बदमाशों और चोरी सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल आरोपियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। घरघोड़ा पुलिस की कार्रवाई में चोरी का सामान बरामद करने के साथ ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में प्रशिक्षु उपनिरीक्षक युगल मिश्रा, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक, आरक्षक हरीश पटेल, उद्योराम पटेल और हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




