बिलासपुर। खपरगंज में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद पथराव और हिंसक झड़प के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना के बाद से फरार चल रहे कथित मास्टरमाइंड सोहेल खान ने पुलिस के बढ़ते दबाव के बीच कोनी थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। वहीं पुलिस ने उसके तीन फरार साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पुलिस घटना को लेकर पूछताछ कर रही है।
यह भी पढ़े :- उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन पहुंचे रायपुर, AIIMS के तीसरे दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल
पुलिस के मुताबिक, 28 अगस्त की रात सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के खपरगंज में बिरयानी सेंटर के पास दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। इसके बाद सड़क पर जमकर पथराव हुआ। अचानक हुए बवाल से इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी।
चार दिन तक फरार रहा सोहेल
घटना के बाद पुलिस ने मामले में शामिल आरोपियों की पहचान शुरू की। पुलिस की कार्रवाई के बाद कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि सोहेल खान समेत कुछ आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।
लगातार बढ़ते पुलिस दबाव के बीच करीब चार दिन फरारी काटने के बाद सोहेल खान ने 1 सितंबर की रात कोनी थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
इधर, सोहेल के फरार साथियों की तलाश में जुटी पुलिस ने खपरगंज निवासी अरबाज, अब्दुल रज्जाक और एक अन्य आरोपी को लालखदान क्षेत्र से पकड़ लिया। पुलिस अब चारों से घटना से जुड़े पूरे घटनाक्रम और पथराव में उनकी भूमिका को लेकर पूछताछ कर रही है।
पहले ही 11 आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस पहले ही दोनों पक्षों से जुड़े कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें सोहेल गुट के आठ और ठाकुर राम सिंह गुट के तीन आरोपी शामिल बताए गए हैं। सोहेल खान की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है।
पुलिस अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। मामले में एक अन्य प्रमुख आरोपी ठाकुर राम सिंह के भी फरार होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
सड़क पर जमकर हुआ था पथराव
28 अगस्त की रात खपरगंज में हुआ विवाद कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गया था। दोनों पक्षों ने अपने-अपने समर्थकों को मौके पर बुला लिया था। इसके बाद दोनों ओर से सड़क पर पत्थरबाजी शुरू हो गई। घटना में कई लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई थी।
हालात बिगड़ने के बाद पुलिस का भारी बल मौके पर तैनात किया गया। कानून-व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे थे। एसएसपी और कलेक्टर ने भी मौके का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया था।
फरार आरोपियों पर पुलिस की नजर
पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर फरार लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का फोकस मामले में शामिल प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका स्पष्ट करने और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने पर है।
सोहेल खान के सरेंडर और उसके तीन साथियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को मामले की जांच में अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है। अब पूछताछ के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि विवाद किस वजह से शुरू हुआ, पथराव की स्थिति कैसे बनी और हिंसा में कौन-कौन लोग शामिल थे।




