रायपुर। राजधानी रायपुर में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की NIT शाखा में अज्ञात चोरों ने बड़ी सेंधमारी की वारदात को अंजाम देने की कोशिश की। चोर खिड़की की ग्रिल काटकर बैंक के अंदर दाखिल हुए और स्ट्रांग रूम तक पहुंच गए। हालांकि, वे बैंक में रखा कैश और लॉकर में मौजूद रकम चोरी करने में सफल नहीं हो सके।
जानकारी के मुताबिक, चोरों ने सबसे पहले बैंक मैनेजर के केबिन को निशाना बनाया। यहां से CPU की हार्ड डिस्क, RAM और SSD चोरी कर लिए। इसके बाद चोर स्ट्रांग रूम की ओर बढ़े। स्ट्रांग रूम तक पहुंचने के लिए उन्होंने ग्रिल गेट और दरवाजे के चार ताले तोड़ दिए।
इसके बाद चोरों ने लॉकर रूम में प्रवेश करने का प्रयास किया। लॉकर रूम के चार तालों में से एक ताला टूटा हुआ मिला। हालांकि, चोर लॉकर तक पहुंचने और उसमें रखी रकम चोरी करने में कामयाब नहीं हो सके। इसके चलते बैंक में रखा कैश और लॉकर में मौजूद रकम सुरक्षित बच गई।
CCTV कैमरे तोड़े, तार भी काटे
वारदात के दौरान चोरों ने बैंक में लगे CCTV कैमरों को भी निशाना बनाया। आरोपियों ने कैमरे तोड़ने के साथ उनके तार काट दिए और CCTV सिस्टम को क्षतिग्रस्त कर दिया। माना जा रहा है कि चोरों ने अपनी पहचान और वारदात से जुड़े सबूत मिटाने के उद्देश्य से CCTV सिस्टम को नुकसान पहुंचाया।
बैंक में सेंधमारी की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सरस्वती नगर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
CCTV फुटेज और सुरागों के आधार पर जांच
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 305, 324(4) और 331(4) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अब बैंक के आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा घटनास्थल से मिले संभावित सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
चोर बैंक के स्ट्रांग रूम और लॉकर रूम तक पहुंचने में सफल रहे, लेकिन रकम चोरी करने में नाकाम रहे। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और आरोपी बैंक की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी पहले से रखते थे या नहीं। मामले में आगे की जांच जारी है।




