लोकेश्वर सिन्हा
रायपुर : गरियाबंद जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में इंदागांव पुलिस ने धुर्वागुड़ी चेकपोस्ट पर जांच के दौरान गांजा तस्करी का बड़ा मामला पकड़ा है।
यह भी पढ़े :- CG NEWS : ड्राइवर सीट के ऊपर छिपा था राज, तलाशी में निकला 4.47 क्विंटल गांजा
पुलिस के मुताबिक, चेकपोस्ट पर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान ओडिशा पासिंग दोपहिया वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में सवार दो संदिग्ध आरोपियों के कब्जे से 19 किलो 900 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
बताया जा रहा है कि आरोपी गांजे को बैगों के अंदर कार्टून में छिपाकर, अलग-अलग पैकेटों में भरकर ले जा रहे थे। आरोपियों द्वारा गांजे को इस तरह छिपाया गया था कि सामान्य जांच में आसानी से इसका पता नहीं चल सके। लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते तस्करी का यह मामला सामने आ गया।
बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने गांजा समेत ओडिशा पासिंग दोपहिया वाहन को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस ने मौके से ओडिशा निवासी दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में गांजा कहां से लाया जा रहा था और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इस संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस तस्करी के पीछे और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा गांजा किसे सप्लाई किया जाना था।
गरियाबंद पुलिस द्वारा जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी रोकने के लिए चेकपोस्ट और सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार निगरानी एवं वाहनों की जांच की जा रही है। धुर्वागुड़ी चेकपोस्ट पर हुई यह कार्रवाई भी इसी अभियान का हिस्सा मानी जा रही है।
फिलहाल इंदागांव पुलिस ने जब्त गांजा, वाहन और आरोपियों को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई एवं विस्तृत जांच शुरू कर दी है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद मामले में तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आने की संभावना है।




