रायपुर। छत्तीसगढ़ यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष समेत विभिन्न पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया जारी है, लेकिन प्रदेश टीम के एक पद का नतीजा चुनाव खत्म होने से पहले ही तय हो गया है। हनी परमीत सिंह बग्गा अल्पसंख्यक वर्ग के लिए निर्धारित श्रेणी से प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं।
यह भी पढ़े :- भूपेश बघेल के पूर्व PA के घर ED की दबिश, सुबह 6 बजे पहुंची टीम; जांच जारी
दरअसल, अल्पसंख्यक वर्ग की निर्धारित श्रेणी में हनी परमीत सिंह बग्गा के साथ गुलजेब अहमद ने भी नामांकन दाखिल किया था। नामांकन पत्रों की जांच के दौरान गुलजेब अहमद निर्धारित आयु सीमा में फिट नहीं पाए गए, जिसके चलते उनका नामांकन रद्द कर दिया गया। इसके बाद बग्गा इस श्रेणी में अकेले उम्मीदवार रह गए और उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।
इसका मतलब है कि प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए चुनावी मुकाबला अभी जारी है, लेकिन हनी बग्गा का यूथ कांग्रेस की प्रदेश टीम में उपाध्यक्ष के तौर पर पहुंचना तय हो चुका है।
19 प्रत्याशियों ने किया था नामांकन
यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष समेत विभिन्न पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया 30 अगस्त से शुरू हुई है। प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए शुरुआत में कुल 19 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया था। नामांकन पत्रों की जांच के दौरान अधिक उम्र होने के कारण आदित्य भगत का नामांकन निरस्त कर दिया गया। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ में 18 प्रत्याशी रह गए हैं।
वहीं अल्पसंख्यक वर्ग की श्रेणी में हनी परमीत सिंह बग्गा और गुलजेब अहमद ने नामांकन दाखिल किया था। गुलजेब अहमद का नामांकन आयु सीमा के कारण रद्द होने के बाद बग्गा अकेले उम्मीदवार रह गए और उनका उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचन हो गया।
अध्यक्ष पद के लिए चेलक और बंजारे के बीच मुकाबला चर्चा में
यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद के चुनाव में सत्येंद्र चेलक और शैलेंद्र बंजारे के बीच मुकाबला सबसे ज्यादा चर्चा में है। दोनों नेताओं के समर्थक सदस्यता अभियान और ऑनलाइन मतदान के दौरान अपने-अपने पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हुए हैं।
प्रदेशभर में 30 अगस्त से सदस्यता अभियान और ऑनलाइन मतदान की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सदस्यता अभियान करीब एक महीने तक चलेगा। इसके बाद मतदान और चुनावी प्रक्रिया के आधार पर प्रदेश अध्यक्ष समेत अन्य पदों के नतीजे सामने आएंगे।
अध्यक्ष का इंतजार, उपाध्यक्ष का फैसला पहले
इस चुनाव की सबसे दिलचस्प बात यह है कि प्रदेश अध्यक्ष कौन बनेगा, इसका फैसला अभी बाकी है, लेकिन उपाध्यक्ष की एक सीट का परिणाम पहले ही सामने आ गया है। हनी बग्गा का प्रदेश अध्यक्ष पद के चुनाव में प्रदर्शन या अंतिम परिणाम चाहे जो भी हो, उनका निर्वाचित प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में यूथ कांग्रेस की प्रदेश टीम में शामिल होना तय हो चुका है।
यानी एक ओर प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी के लिए चुनावी मुकाबला जारी है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश उपाध्यक्ष की एक कुर्सी पर चुनाव प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही फैसला हो गया है।




