रायपुर। वंदे मातरम् को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच जारी राजनीतिक बयानबाजी के बीच छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर निशाना साधा है। बघेल ने दोनों नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि वे बिना टेलीप्रॉम्प्टर देखे वंदे मातरम् गाकर दिखाएं।
यह भी पढ़े :- स्कूल से घर लौट रहे तीन बच्चे नदी में बहे, तीनों के शव बरामद
भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस आज से वंदे मातरम् नहीं गा रही है, बल्कि पार्टी लंबे समय से इसका सम्मान करती रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस करीब 90 वर्षों से वंदे मातरम् का गायन करती आ रही है। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् को लेकर कांग्रेस की स्थिति स्पष्ट है और पार्टी इसका सम्मान करती है।
‘वंदे मातरम् नहीं गाने वाले देशद्रोही तो इनके पूर्वज भी?’
भाजपा की ओर से कांग्रेस पर लगाए जा रहे आरोपों पर पलटवार करते हुए बघेल ने कहा कि अब यह कहा जा रहा है कि जो लोग वंदे मातरम् नहीं गाते, वे देशद्रोही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि ऐसा है तो भाजपा और उनके पूर्वजों को लेकर क्या कहा जाएगा?
बघेल ने कहा कि कांग्रेस ने वंदे मातरम् के तीन अंतरे गाने का निर्णय लिया है। यदि कोई पूरा वंदे मातरम् गाता है तो कांग्रेस उसका विरोध नहीं करेगी, लेकिन पार्टी अपने तय तीन अंतरे ही गाएगी।
‘देशभक्ति का प्रमाणपत्र देने की जरूरत नहीं’
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि देशभक्ति के मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वंदे मातरम् का सम्मान करती है और लंबे समय से इसका गायन करती रही है। किसी को देशभक्ति साबित करने के लिए प्रमाणपत्र देने की जरूरत नहीं है।
मोदी-शाह से किया सीधा सवाल
भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को चुनौती देते हुए कहा कि दोनों नेता बिना टेलीप्रॉम्प्टर देखे वंदे मातरम् गाकर बताएं। उन्होंने भाजपा नेताओं से वंदे मातरम् को लेकर सवाल उठाने से पहले अपने इतिहास और पूर्वजों के बारे में भी जवाब देने की बात कही।
वंदे मातरम् को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच बढ़ती बयानबाजी के बीच भूपेश बघेल का यह बयान राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।




