अंबिकापुर। सरगुजा जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सपड़ा परसापारा में माता-पिता की हत्या के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी बेटे जदू यादव को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के बाद आरोपी करीब पांच दिनों तक गांव से लगे जंगल और आसपास के इलाकों में छिपकर पुलिस से बचता रहा। शुक्रवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़े :- प्रार्थना सभा को लेकर विवाद, तीन महिलाओं के खिलाफ FIR; धर्मांतरण के आरोपों की जांच जारी
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपने माता-पिता की हत्या करने की बात स्वीकार की है। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल टांगी और खून से सने कपड़े भी बरामद किए गए हैं।
शादी को लेकर माता-पिता से था विवाद
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि जदू यादव शादी नहीं होने को लेकर अपने माता-पिता से नाराज था। इसी बात को लेकर घर में विवाद और अनबन हुई। आरोप है कि विवाद के दौरान उसने टांगी से अपने माता-पिता पर हमला कर दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि वारदात के समय घर में मृतक दंपती के अलावा उनका बेटा जदू यादव ही मौजूद था। हत्या के बाद आरोपी ने घटना को छिपाने का प्रयास किया।
शवों को बोरे में भरकर कमरे में छिपाया
पुलिस जांच के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी ने कथित तौर पर माता-पिता के शवों को प्लास्टिक के बोरे में भरकर कमरे के अंदर रख दिया। इसके बाद फर्श पर मिट्टी का लेप कर दिया, ताकि घटना का तत्काल पता न चल सके।
आरोपी ने कमरे में ताला लगाया और वहां से फरार हो गया। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। वह गांव से लगे जंगल और आसपास के इलाकों में छिपता रहा।
17 अगस्त को हुआ था दोहरे हत्याकांड का खुलासा
मामले का खुलासा 17 अगस्त की सुबह हुआ। मृतक दंपती का छोटा बेटा मोहन यादव दूध लेने पुराने घर पहुंचा था। घर में ताला लगा देखकर उसे संदेह हुआ। ताला तोड़कर अंदर जाने पर कमरे में प्लास्टिक के बोरे में माता-पिता के शव मिले।
मोहन यादव ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक दंपती का बड़ा बेटा जदू यादव घटना के बाद से फरार था, जिसके चलते पुलिस को उस पर संदेह हुआ और उसकी तलाश शुरू कर दी गई।
आरोपी की निशानदेही पर हथियार और कपड़े बरामद
फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल टांगी और खून से सने कपड़े बरामद किए हैं।
पुलिस अब हत्या के पीछे के कारणों और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।




