रायपुर। फरार वारंटियों और लंबे समय से फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मौदहापारा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 16 लाख रुपये की राशि हड़पने के मामले में करीब दो साल से फरार आरोपी अमित सिंह (41) को गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़े :- 48 घंटे बाद भी ब्लू वाटर में डूबे आदिल का नहीं मिला शव, NDRF-SDRF का रेस्क्यू जारी
पुलिस के मुताबिक, अमित सिंह नमन डिस्ट्रीब्यूटर्स, शारदा चौक में वर्कर/कलेक्शन एजेंट के रूप में काम करता था। 24 मई 2024 को दुकान संचालक ने उसे बैंक में जमा कराने के लिए 1 लाख रुपये की कलेक्शन राशि और दिल्ली से आए व्यापारी से प्राप्त 15 लाख रुपये, यानी कुल 16 लाख रुपये सौंपे थे।
आरोप है कि अमित ने पूरी रकम बैंक में जमा करने के बजाय अपने पास रख ली और फरार हो गया। मामले में 27 मई 2024 को मौदहापारा थाने में धारा 406 और 408 भादवि के तहत अपराध दर्ज किया गया था। इसके बाद से पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी।
इसी बीच 19 अगस्त 2026 की देर रात मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी रायपुर रेलवे स्टेशन क्षेत्र में मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे रेलवे स्टेशन क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद आवश्यक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।




